प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया वर्चुअली एकलव्य विद्यालय रूद्रारम के नव निर्मित भवन का लोकार्पण, मुरली मनोहर चांडक ने फीता काटकर किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से रुद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री मुरली मनोहर चांडक ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विधिवत फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री चांडक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की ‘गारंटी’ के तहत इस नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के गरीब एवं आदिवासी पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि “मोदी सरकार की गारंटी है कि दूर-दराज के आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को भी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतरीन सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इस नए भवन के बन जाने से बच्चों को पहले से कहीं बेहतर अध्ययन सुविधाएं और वातावरण प्राप्त होगा।”
यह एकलव्य आदर्श विद्यालय रुद्रारम क्षेत्र के आदिवासी बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने में एक अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विद्यालय के प्राचार्य सुश्री ई. नारायणम्मा ने इस शुभ अवसर पर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय की ओर से यह प्रतिबद्धता भी दोहराई कि संस्था का पूरा प्रयास रहेगा कि यहाँ के विद्यार्थियों को सर्वोत्तम गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान की जाए।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आदिम जाति विकास विभाग के राज्य स्तरीय अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भोपालपटनम, थाना प्रभारी भोपालपटनम, नोडल अधिकारी श्री अनिल मिश्रा, एक्सेस बैंक के प्रबंधक एवं गुलाब सिंह तथा अधीक्षिका सुश्री ज्योति भट्टड के साथ-साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ, बच्चे और उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नए भवन के लोकार्पण से उत्साहित बच्चों के चेहरे खुशी से चमक रहे थे, जो इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन और इसके भविष्य में दूरगामी सकारात्मक प्रभाव की सबसे बड़ी गवाही दे रहे थे। यह नया भवन स्थानीय आदिवासी युवाओं की शिक्षा और उनके सपनों को नई उड़ान देने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


