बीजापुर

सकनापल्ली में शिक्षा की नई उड़ान: जिला पंचायत सदस्य  कविता कोरम ने किया स्वामी आत्मानंद स्कूल के भव्य भवन का लोकार्पण

भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम सकनापल्ली में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में आज शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कविता कोरम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रीना भगत, एसएमडीसी अध्यक्ष अरुण भगत, सरपंच वेंकतम्मा पेंदम (बारेगुड़ा), सरपंच मेंकल संतोष (लिंगापुर), विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, मंडल संयोजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पालक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं प्रेरणादायक बना दिया। मुख्य अतिथि कविता कोरम ने फीता काटकर नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ हर्ष व्यक्त किया।
लोकार्पण के पश्चात अतिथियों ने विद्यालय भवन का भ्रमण किया और आधुनिक सुविधाओं से युक्त कक्षाओं, स्वच्छ परिसर एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की सराहना की। अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे उत्कृष्ट विद्यालय भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शासन की सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं को सायकलें वितरित की गईं। सायकल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। अतिथियों ने कहा कि यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, स्कूल तक सुगम आवागमन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह का समापन स्वल्पाहार के पश्चात विद्यालय के प्राचार्य एट्टी राजन्ना द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। उन्होंने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि नवनिर्मित भवन से विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button

Discover more from ख़बर छत्तीसगढ़

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading