कलेक्टर संबित मिश्रा ने बेदरे में निर्माण कार्यों और शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षणग्रामीणों की मांग पर एम्बुलेंस व स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

बीजापुर 20 अगस्त 2025/कलेक्टर संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे ने गुरुवार को बेदरे क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्र तथा पोटा केबिन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।






सबसे पहले कलेक्टर ने बेदरे में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा पुल का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर एवं सीईओ ने शासकीय बालक आश्रम और कन्या आश्रम बेदरे का निरीक्षण किया। आश्रमों में रह रहे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर कोई कमी न हो । निरीक्षण के दौरान नवीन कन्या आश्रम भवन का भी अवलोकन किया गया, जिसे शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत अधिकारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेदरे का निरीक्षण किया। यहां उपस्थित ग्रामीणों ने कलेक्टर से एम्बुलेंस सुविधा, चिकित्सक एवं पर्याप्त स्वास्थ्य स्टाफ की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पोटा केबिन बेदरे का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के रहने और पढ़ने के लिए सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बच्चों को बीमारियों से बचाने हेतु स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया तथा पोटा केबिन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

