बीजापुर

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पुनर्वास केंद्र में पुनर्वासित युवाओं से की आत्मीय भेंट

​बीजापुर, 09 नवंबर 2025 छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने दो दिवसीय बीजापुर प्रवास के दौरान आज (रविवार) पुनर्वास केंद्र पहुंचकर आत्मसमर्पित युवाओं से आत्मीय भेंट की। केंद्र में वर्तमान में कुल 92 पुनर्वासित युवा रह रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने उनसे उनके दैनिक जीवन, भोजन, कपड़े, स्वास्थ्य, मनोरंजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
​ जीवन और आजीविका पर चर्चा, सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
​ शर्मा ने युवाओं से उनके पारिवारिक और वैवाहिक जीवन के साथ-साथ आजीविका के साधनों, जैसे कृषि भूमि, वनाधिकार पत्र, और सिंचाई सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
​कृषि और सिंचाई सुविधाएँ: युवाओं द्वारा कृषि भूमि और भूमि पट्टा उपलब्ध होने की जानकारी दिए जाने पर, उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों को सिंचाई योजनाओं, बोर उत्खनन, क्रेडा के माध्यम से सोलर पंप और प्राथमिकता के आधार पर गांवों में ग्रिड बिजली आपूर्ति की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएं।
​उद्देश्य: उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य इन युवाओं को मुख्यधारा में जोड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
​ परिजनों से नियमित मुलाकात और दस्तावेज सुविधा पर बल
​पुनर्वासित युवाओं के पुनर्वास में सामाजिक और पारिवारिक जुड़ाव को महत्वपूर्ण मानते हुए, उपमुख्यमंत्री ने दो अहम निर्देश दिए:
​पारिवारिक मुलाकात: उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक रविवार पुनर्वासित युवाओं से उनके परिजन नियमित रूप से मिल सकें, इसके लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रविवार होने के कारण आज कई परिजनों ने केंद्र पहुंचकर अपने परिवारजनों से भेंट भी की। श्री शर्मा ने स्वयं भी कई परिजनों से मुलाकात की, जिन्होंने अपने सदस्यों के हिंसा छोड़ मुख्यधारा में शामिल होने पर हर्ष व्यक्त किया।
​दस्तावेज उपलब्ध कराना: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पुनर्वासित युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, वनाधिकार पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज आसानी से उपलब्ध कराए जाएं।
​साक्षरता, कौशल विकास और एक्सपोजर विजिट पर सहमति
​युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए श्री शर्मा ने साक्षरता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया:
​शिक्षा और साक्षरता: सभी के लिए साक्षर भारत मिशन उल्लास कार्यक्रम के तहत अक्षर ज्ञान और नियमित साक्षरता परीक्षा में सम्मिलित कराने को कहा गया।
​कौशल प्रशिक्षण: उन्होंने युवाओं की रुचि के अनुसार कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। खासकर, महिलाओं द्वारा कपड़ों की सिलाई में रुचि व्यक्त करने पर, सिलाई का प्रशिक्षण तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए।
​एक्सपोजर विजिट: प्रशिक्षु युवाओं की एक्सपोजर विजिट की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें रायपुर ले जाकर शासन की विभिन्न विकास गतिविधियों एवं पुनर्वास योजनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा।
बैठक में प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
​इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बीजापुर जिले के प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष के साथ पुनर्वासित के संबंध में भी चर्चा की और सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की।
​इस महत्वपूर्ण भेंट और समीक्षा के दौरान बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय., तथा उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button

Discover more from ख़बर छत्तीसगढ़

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading