वेंडे स्कूल दायकाल से बनेगा ड्रॉप आउट मुक्त भोपालपटनम ।समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधि से लेकर कर्मचारियों ने लिया संकल्प ।सैंड्रा और केरपे में सामूहिक प्रयास से लाई जाएगी शिक्षा में क्रांति

बीजापुर 4/8/2025


बीजापुर जिला में शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चों के लिए चल रहे वेंडे स्कूल दायकाल अभियान के तहत विकासखंड भोपालपटनम ड्रॉप आउट मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है
कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चों के लिए चल रहे अभियान “वेंडे स्कूल दायकाल” की समीक्षा बैठक भोपालपटनम में की गई ।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैया, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग , जनपद उपाध्यक्ष नीलम गणपत, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती जयदेवी चिड़ेंम, एसडीएम यशवंत नाग, सीईओ देवांगन, भाजपा महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती रिंकी परस्ते, गिरिजा शंकर तामडी, एपीसी जाकिर खान, बीइओ पी नागेंद्र कुमार, बीआरसी शंकर यालम, एबीईईओ श्रीनिवास एटला, शिक्षार्थ से सुमन जैन सहित जनपद सदस्य,सरपंच,सचिव, और संकुल समन्वयक उपस्थित हुए।
समीक्षा बैठक में एपीसी जाकिर खान ने ग्राम पंचायत वार शाला त्यागी और अप्रवेशी बच्चों की जानकारी दी तथा प्रवेश की स्थिति से अवगत कराया । प्रत्येक ग्राम पंचायत की समीक्षा कर जहां बच्चों को प्रवेशित किया जाना है उन पंचायतों और गांव का चिन्हांकन किया गया । चिन्हांकन पश्चात उपस्थित सभी जनप्रतिनिधि गण से आग्रह किया गया कि अपने क्षेत्रों में शिक्षकों और पंचायत को सहयोग देकर भोपालपटनम ब्लॉक को ड्रॉप आउट मुक्त करने का प्रयास करें।
भाजपा जिला अध्यक्ष घासी राम नाग ने जिला प्रशासन के प्रयासों की तारीफ कर कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के दिशा निर्देश के अनुरूप हमारे यहां शिक्षा में तीव्र गति से कार्य कर स्थानीय वातावरण को बेहतर किया जा रहा है जो प्रशंसनीय है। शिक्षा ही देश और समाज को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है इसलिए हम सब को शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए अपना योगदान देना जरूरी है।
जिला पंचायत उपाध्याय पेरे पुलैया ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न हो इसके लिए जो प्रयास किया जा रहा है उसमें हम सभी को अपना सहयोग देना जरूरी है। समाज के सहयोग से ही शिक्षा में बदलाव आ सकता है। जो बच्चे अभी स्कूल से बाहर है उनके लिए सभी जन प्रतिनिधि अपना सहयोग देंगे और अभियान को सफल बनाएंगे । इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष नीलम गणपत ने सहयोग और समन्वय पर बल देकर सभी बच्चो के स्कूल से जोड़ने के अभियान को सफल बनाने की अपील की ।
एसडीएम यशवंत नाग ने कहा कि कलेक्टर महोदय ने जो लक्ष्य दिया है उसे पूरा करना हम सब की जिम्मेदारी है। 10 तारीख तक छूटे बच्चों को अनिवार्य रूप से प्रवेशित करने का लक्ष्य रखा गया है उसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना है।
शिक्षार्थ के सुमन जैन ने बच्चों को आवासीय विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया तथा प्रतिदिन की जानकारी डैश बोर्ड में एंट्री कर प्रगति को एंट्री किए जाने के बारे में गतिविधि कर बताया और सभी ग्राम पंचायत के शाला से बाहर बच्चों की संख्यात्मक जानकारी संकुल समन्वयक को दी गई तथा संख्या अनुसार सभी बच्चो का नामांकन करने निर्देशित किया गया। ।
ड्रॉप आउट मुक्त का लिया संकल्प
〰️▫️〰️▫️〰️
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों
ने प्रवेश के लिए शेष 158 शाला त्यागी और 103 अप्रवेशी बच्चों को एक सप्ताह में स्कूली शिक्षा से जोड़ कर भोपाल पटनम को ड्रॉप आउट मुक्त करने का संकल्प लिया ।
सैंड्रा और केरपे क्षेत्र की समस्याओं को स्थानीय परिवेश से समन्वय कर शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने पर बल दिया गया ।


