नगर पालिका अध्यक्ष व पार्षद चुनाव में कांग्रेस व भाजपा का शक्ति प्रदर्शन






कांग्रेस से सुनीता हेमला व भाजपा से गीता सोम पुजारी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस व भाजपा से पार्षद प्रत्याशियों ने भी नामांकन पत्र जमा किया।
आप पार्टी व निर्दलीय के 9 लोगों ने नामांकन जमा किया।
बीजापुर (लोक किरण):– नगर पालिका चुनाव में मंगलवार को आखिरी दिन भाजपा व कांग्रेस पार्टी ने अपने अपने प्रत्याशी के लिए शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों के साथ रैली के शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल कराया। कलेक्टर परिसर में विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर भारी उत्साह है। हम पंद्रह साल बनाम पांच के कार्यकाल को लेकर मतदाताओं के बीच जायेंगे। हमारे पांच के कार्यकाल में बहुत से कार्य हुए हमें लाभ पहुंचायेगा। अध्यक्ष प्रत्याशी सुनीता हेमला ने कहा कि नगर के विकास के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे। लोगों की छोटी छोटी समस्याओं पर ध्यान देंगे। नामांकन रैली में कांग्रेस से जिलाध्यक्ष लालू राठौर, जिलापंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, नीना रावतिया उद्दे, सुखदेव नाग सहित सैकड़ों कांग्रेसी उपस्थित थे।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के नेतृत्व में निकली नामांकन रैली।
बीजापुर के अटल सदन से पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता जी. वेंकट, जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, संजय लुक्कड़, लवकुमार रायडू, गोपाल पवार के नेतृत्व में भाजपा के अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों की रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। निर्वाचन अधिकारी जागेश्वर कौशल को महेश गागड़ा के साथ अध्यक्ष प्रत्याशी गीता सोम पुजारी व पार्टी के अधिकृत पार्षद प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किया। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी पूरे जोश के साथ अपने प्रत्याशी के नामांकन के समय जमा हुए थे। कलेक्टर परिसर में तीन बजे तक दोनो पार्टियों के कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर काफी उत्साह नजर आया। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने पत्रकारों से कहा कि देश व राज्य सरकार के जनहित कार्यों व भाजपा के सुशासन को हम जनता तक ले जायेंगे। कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में हुए मनमानी को जनता के सामने रखेंगे। नगर पालिका में भाजपा को बहुमत मिलेगा, हमने बनाया है हम ही संवारेंगे। अध्यक्ष प्रत्याशी गीता सोम पुजारी ने कहा कि नगर के चुनाव में पार्टी के भरोसे पर खरा उतरना का प्रयास रहेगा। नगर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो ये प्राथमिकता रहेगी। नगर के विकास के लिए हर संभव प्रयास रहेगा। नामांकन के समय भाजपा के वरिष्ठ नेता सुखलाल पुजारी, इकबाल खान, के. यशराज, श्रीनिवास कटला,बिलाल खान, माया झाड़ी सहित भारी संख्या में भाजपा के युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।