RAMP योजना के अंतर्गत ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग के द्वारा MSMEs के लिए बाज़ार विकास कार्यशाला”

बीजापुर 08 अक्टूबर 2025/MSMEs,महिला उद्यमी, स्व सहायता समूह (SHG) तथा पारंपरिक कारीगरों को डिजिटल माध्यम से बाज़ार से जोड़ने के उद्देश्य से उद्योग संचालनालय एवं छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, रायपुर की पहल एवं जिला प्रशासन बीजापुर के सहयोग से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बीजापुर के द्वारा दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को सांस्कृतिक भवन,बीजापुर में “ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग के द्वारा MSMEs के लिए बाज़ार विकास कार्यशाला” का आयोजन किया गया । यह कार्यक्रम भारत सरकार की RAMP योजना के अंतर्गत हुआ।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर के महाप्रबंधक पी आर खण्डेलवाल की अध्यक्षता में हुआ।
प्रबंधक डी पी साहू ने उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं नए उद्योगपतियों को डिजिटल मार्केटप्लेस से जुड़ने की उपयोगिता और प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यशाला में RAMP टीम के श्री मनीष अरोड़ा ने योजना के उद्देश्य एवं विशेषताओं, प्रमुख गतिविधियों जैसे उद्यमिता संवर्द्धन, निर्धारित प्रशिक्षण, डिजिटल प्रमोशन एवं वित्तीय पहुँच के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा ONDC नेटवर्क पार्टनर, Sabhyasha Retail Tech Pvt Ltd से अभीजित रथ ने प्रतिभागियों को B2B और B2C हेतु विक्रेता पंजीयन, उत्पाद सूचीकरण, विपणन एवं डिलीवरी व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने MSME को आसानी से कम लागत पर उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री बढ़ाने के उपाय बताए। इसके अतिरिक्त डिजिटल मार्केटिंग सत्र में मीमो प्रसाद, निदेशक, इंटेलिजेंट टेक्नोलॉजी प्रा. लि., रायपुर ने प्रतिभागियों को Indiamart पर ऑनबोर्ड होने की प्रक्रिया तथा सोशल मीडिया और मोबाइल ऐप्स के माध्यम से बिक्री बढ़ाने के बारे में बताया ।
इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों से 16 अधिकारी /कर्मचारी सहित कुल 106 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें MSME उद्यमी, महिला उद्यमी, स्व सहायता समूह सदस्य, पारंपरिक कारीगर एवं नए उद्योगपति शामिल थे।



