बीजापुर से बड़ी खबर: नक्सलियों ने एक और शिक्षादूत की हत्या की

बीजापुर। जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गंगालूर क्षेत्र के नेन्द्रा में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती की नक्सलियों ने निर्मम हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, कल्लू ताती कल शाम स्कूल से लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने उनका अपहरण कर लिया। देर रात नक्सलियों ने वारदात को अंजाम देते हुए उनकी हत्या कर दी। मृतक शिक्षादूत तोड़का गांव का रहने वाला था।
गौरतलब है कि बंद पड़े स्कूलों को पुनः शुरू किए जाने के बाद से नक्सली लगातार शिक्षकों को निशाना बना रहे हैं। अब तक कुल 9 शिक्षादूतों की हत्या नक्सलियों द्वारा की जा चुकी है। इनमें से केवल बीजापुर जिले में ही 6 और सुकमा जिले में 5 शिक्षादूतों की जान जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा को लेकर ग्रामीण अंचल में नई शुरुआत की कोशिशें लगातार नक्सल हिंसा की भेंट चढ़ रही हैं। शिक्षादूत कल्लू ताती की हत्या से ग्रामीणों और शिक्षा जगत में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
पुलिस और प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। साथ ही नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।



