नवप्रारंभ की ओर एक प्रेरक कदम: प्राथमिक शाला अन्नारम में बच्चों का आत्मीय स्वागत एवं वेलकम किट वितरण

संवाददाता रवि कुमार रापर्ती
भोपालपटनम
शिक्षा के उजाले को अंतिम छोर तक पहुँचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए एपीसी जाकिर खान के कुशल नेतृत्व में विकासखंड भोपालपटनम अंतर्गत संकुल केंद्र चन्दूर की पुनः संचालित प्राथमिक शाला अन्नारम में बच्चों को नियमित उपस्थिति हेतु उत्साह बढ़ाने प्रेरित किया गया।
शाला में दर्ज 15 बच्चों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें वेलकम किट के रूप में शैक्षणिक सामग्री, स्कूली बैग, पठन-पाठन सामग्री भेंट की गई। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए एक नई शुरुआत का अवसर बना, बल्कि पूरे ग्राम अन्नारम के लिए गर्व और हर्ष का क्षण रहा।
इस विशेष अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पी. नागेन्द्र कुमार एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री श्रीनिवास एटला की गरिमामयी उपस्थिति रही। खंड स्त्रोत समन्वयक श्री यालम शंकर, प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तारलागुड़ा चंद्रशेखर वासम, संकुल शैक्षिक समन्वयक के. जी. यादगिरी की विशेष भूमिका भी सराहनीय रही।
बच्चों के उत्साह को और ऊँचाइयाँ मिलीं जब ग्राम पंचायत कोत्तूर के सरपंच श्री काका भास्कर ने स्वयं बच्चों को वेलकम किट अपने करकमलों से प्रदान किए। बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता देखते ही बनती थी। विद्यालय परिसर में एक उत्सव जैसा वातावरण था।बच्चों की मुस्कान ने दर्शाया कि शिक्षा के इस नव अभियान ने सही दिशा पकड़ ली है।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, अभिभावक, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
यह पहल एक उदाहरण है कि जब शिक्षा विभाग, समुदाय और जनप्रतिनिधि एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तो कोई भी गांव शिक्षा से वंचित नहीं रह सकता।
