जनपद पंचायत भोपालपटनम ने बस्तर ओलंपिक पंजीयन में हासिल किया दूसरा स्थान

प्रभारी सीईओ प्रदीप कोर्राम के कुशल मार्गदर्शन से बीजापुर जिले की उल्लेखनीय सफलता
बीजापुर।
बस्तर ओलंपिक खेल पंजीयन अभियान में बीजापुर जिले ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। जिले के विभिन्न जनपदों में चलाए गए पंजीयन कार्यों में जनपद पंचायत भोपालपटनम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि के पीछे प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रदीप कोर्राम के मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और प्रभावी रणनीति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रभारी सीईओ प्रदीप कोर्राम ने पंजीयन कार्य की शुरुआत से ही गंभीरता के साथ पहल की। उन्होंने नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कीं, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट लक्ष्य सौंपे तथा प्रगति की सतत निगरानी की। उनके नेतृत्व में अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, मैदानी अमले और खेल सहयोगियों ने समन्वित प्रयास करते हुए बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का पंजीयन सुनिश्चित किया।
ग्राम पंचायतों का उत्साहपूर्ण योगदान
भोपालपटनम क्षेत्र के ग्राम पंचायतों ने इस अभियान को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। ग्राम स्तर पर युवाओं, खिलाड़ियों और बालक-बालिकाओं को पंजीयन के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रीय खेल सहयोगियों के प्रयासों से अल्प समय में पंजीयन संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
इस उपलब्धि से जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नया अवसर और मंच मिलेगा। बस्तर अंचल की पारंपरिक और आधुनिक खेल संस्कृति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अधिकारी वर्ग का कहना है कि यह उपलब्धि सिर्फ शुरुआत है और आगामी चरण में जनपद पंचायत भोपालपटनम को प्रथम स्थान दिलाने के लिए और भी मजबूत रणनीति तैयार की जाएगी।
आगे की रणनीति पर जोर
प्रभारी सीईओ ने विश्वास व्यक्त किया है कि यदि इसी तरह टीम भावना, सतत अभियान और क्षेत्रीय सहभागिता जारी रहे, तो भोपालपटनम आगामी चरण में प्रथम स्थान हासिल करेगा।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशासन को धन्यवाद दिया है।


