अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भोपालपटनम में बुजुर्गों का सम्मान

01 अक्टूबर, भोपालपटनम
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत भोपालपटनम में ब्लॉक के वृद्धजनों का गरिमामय सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बुजुर्गों को परंपरागत तरीके से गमछा, नारियल और फल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरिता कुडेम, जनपद सीईओ सुरेश कुमार देवांगन, जनपद सदस्य, सरपंच एवं बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद रहे।

जनपद अध्यक्ष ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का स्थान सर्वोच्च है। उनका आशीर्वाद और अनुभव युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने सभी से अपील की कि हम अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करें और उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखें।
इस दौरान वृद्धजनों का हाल-चाल पूछते हुए उनकी स्वास्थ्य जाँच, पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शासन की ओर से बुजुर्गों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और सभी को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों ने सम्मान पाकर खुशी और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज और प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार का स्नेह और सहयोग उन्हें आत्मविश्वास और संबल देता है।
भोपालपटनम में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा-सम्मान ही सच्चा धर्म है।

