गोदावरी नदी का पानी टेकलगुड़ा नाला पुल पर चढ़ा, आवागमन ठप


बीजापुर/भोपालपटनम।
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर स्थित टेकलगुड़ा नाला पुलिया पर गोदावरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। जानकारी के अनुसार, पुल के ऊपर लगभग ढाई से तीन फीट तक पानी आ जाने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है।
इस मार्ग से होकर भोपालपटनम-तरलागुड़ा-A2 नगरम-हैदराबाद के बीच आवाजाही होती है। पानी चढ़ने के कारण यह संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच यात्रा कर रहे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस मार्ग से यात्रा करने का प्रयास न करें। पुल के ऊपर बहते पानी से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मौसम विभाग के अनुसार, गोदावरी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते पानी फिर से बढ़ने लगा है, जिससे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
जनहित में सूचना : यात्रियों को सलाह दी जाती है कि स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग से यात्रा न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

