मुंगेली । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा मुंगेली जिले में आयोजित “माय भारत युवा मंडल विकास अभियान” का समापन युवा मंडल सम्मेलन के साथ हुआ। दीनबंधु सहयोग संस्था, विनोबा नगर, मुंगेली में आयोजित इस सम्मेलन में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए नवगठित युवा एवं युवती मंडलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
यह अभियान 18 जून से 24 जून 2026 तक संचालित किया गया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में नए युवा एवं युवती मंडलों का गठन और पंजीयन कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास और जनहित के कार्यों से जोड़ना था। अभियान के दौरान जिले के 35 ग्रामों में नए युवा एवं युवती मंडलों (युवा क्लबों) का गठन किया गया।
सम्मेलन में सभी नवगठित युवा मंडलों के अध्यक्षों एवं सचिवों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में युवा मंडलों की कार्यप्रणाली, संगठन संचालन, नेतृत्व क्षमता विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं को बताया गया कि वे अपने-अपने गांवों में खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन कर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरा युवा भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक नितिन शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवा की भावना को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि नवगठित युवा मंडल अपने-अपने गांवों में नियमित रूप से सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम संचालित करें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दीनबंधु सहयोग संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) अरुण कुमार साहू का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। आयोजकों ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर सभी युवा एवं युवती मंडलों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों ने अपने-अपने गांवों में सक्रिय युवा नेतृत्व विकसित करने, सामाजिक विकास, जनजागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने समाजहित के कार्यों में संगठित होकर युवाओं की सकारात्मक भूमिका को और मजबूत बनाने का भी संकल्प व्यक्त किया।