तखतपुर (दैनिक अमन पथ) : रजिस्टर्ड सोनार समाज कल्याण समिति तखतपुर के संगठनात्मक चुनाव रविवार को पूरी पारदर्शिता अनुशासन और लोकतांत्रिक गरिमा के साथ संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया ब्लॉक प्रभारी केडी सोनी एवं समिति के संरक्षक संजय सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शत-प्रतिशत मतदान कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
समिति के चुनाव में कुल 60 स्वजनों ने अपने मत का प्रयोग किया। मतगणना के बाद राजेश सोनी को 36 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रमोद सोनी के पक्ष में 24 मत पड़े। बहुमत हासिल कर राजेश सोनी समिति के नए अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम सामने आते ही उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश सोनी ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे सोनार समाज के विश्वास और एकता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने तथा शिक्षा, युवा विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
ब्लॉक प्रभारी केडी सोनी एवं संरक्षक संजय सोनी ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने लोकतांत्रिक परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में समिति समाजहित के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी।
समिति ब्लॉक प्रभारी की ओर से जानकारी दी गई कि आगामी दिनों में वरिष्ठजनों एवं सदस्यों की सहमति से कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। विभिन्न पदों पर सक्रिय एवं योग्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
